जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के ड्यूटी के समय को लेकर एकरुपता लाने की तैयारी है. इसको लेकर कंपनी की ओर से टाटा वर्कर्स यूनियन को प्रस्ताव दे दिया गया है. प्रस्ताव के तहत एक नवंबर से यूनियन की ओर से अपनी रजामंदी दे दी गयी है. बताया जाता है कि सोमवार को हुई मीटिंग में टाटा स्टील के एचआरएम विभाग के चीफ यशवंत पांडेय और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के बीच वार्ता हुई. इस वार्ता में अन्य पदाधिकारी भी थे. इस दौरान बताया गया कि कंपनी के भीतर बड़ी गाड़ियों के मूवमेंट कम हो पा रहा है. इससे कंपनी की प्रोडक्टिविटी लगातार घट रही है. इस कारण अब एक समय में जेनरल शिफ्ट कर्मचारियों को बुलाया जाना समय की मांग है ताकि कंपनी को कम से कम नुकसान हो सके. पहले गेट पर लगने वाली भीड़ के कारण कर्मचारियों की ड्यूटी को बदल दी गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ कर्मचारी का सुबह 7 बजे से तो कुछ का सुबह 8 बजे से और कुछ का 9 बजे से ड्यूटी लगती थी. लेकिन अब एक समय पर जेनरल शिफ्ट की ड्यूटी शुरू होगी और एक समय में ही खत्म होगी. सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक सभी कर्मचारियों का ड्यूटी होगा. इसको लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से रजामंदी भी दे दी गयी है. हालांकि, इसको लेकर अधिकारिक तौर पर मैनेजमेंट और यूनियन ने कुछ नहीं कहा है. लगभग तैयारी है कि एक नवंबर से समय में बदलाव हो जायेगा. बताया जाता है कि अगले चरण में कंपनी में गाड़ियों की एंट्री पूरी तरह रोक दी जाएगी औऱ कर्मचारियों को बस से कंपनी के भीतर जाना होगा. यही वजह है कि समय को एक किया गया है कि बस एक ही बार में सबको ले जाये औऱ ले आये. कंपनी का अतिरिक्त खर्च नहीं हो सके.








