जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने और आपराधिक घटना को अंजाम देने की आशंका के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में कदमा के शास्त्रीनगर निवासी रविनाथ मछुवा, विनय हरिपाल उर्फ बावला, संतोष बान सिंह, निहाल बालमुचू और अमित कुमार साहू शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर संगठित गिरोह बनाकर हथियार और गोली के बल पर लोगों को डराने-धमकाने तथा उनसे पैसे वसूलने का काम करते थे.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर निवासी रविनाथ मछुवा के पास अवैध देसी कट्टा है और वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-दो के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम फार्म एरिया रोड नंबर 18 स्थित बीएसएनएल रेसिडेंसी मैदान के पास पहुंची. वहां पांच व्यक्ति एक साथ बैठे मिले. पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से पांचों को पकड़ लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
तलाशी में देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद : पुलिस ने एसओपी और तलाशी संबंधी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों की जांच की. इस दौरान रविनाथ मछुवा की कमर के बाईं ओर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ. कट्टे का चैंबर खोलने पर उसमें एक जिंदा गोली मिली. वहीं, विनय हरिपाल उर्फ बावला, संतोष बान सिंह, निहाल बालमुचू और अमित कुमार साहू की तलाशी में प्रत्येक के पास से एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इस तरह पुलिस ने कुल एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.





