जमशेदपुर : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टीएसजेडपी), जमशेदपुर में तीन बाघ शावकों का जन्म हुआ है. इनमें दो मादा और एक नर शावक शामिल हैं. तीनों का जन्म 23 सितंबर 2026 की सुबह चिड़ियाघर में रह रही बाघिन सुनैना से हुआ. शावकों का पिता रुद्र है, जिसे नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से लाया गया था. चिड़ियाघर प्रबंधन ने शुरुआती निगरानी और देखभाल की अवधि पूरी होने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की है. (नीचे भी पढ़ें)

एक शावक की हालत में सुधार : पहली बार मां बनी सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक घायल हो गई थी. इसके बाद चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम ने तत्काल उपचार करते हुए उसके घाव पर टांके लगाए. फिलहाल शावक की स्थिति में सुधार है और उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम है. उसे तत्काल खतरे से बाहर माना जा रहा है, हालांकि डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, अन्य दोनों शावक स्वस्थ हैं. नर शावक का वजन लगभग 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन करीब 2.53 किलोग्राम है. तीनों शावकों की देखभाल पशु चिकित्सकों की निगरानी में की जा रही है. उनकी गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
19 अक्टूबर तक भेज सकते हैं नाम : चिड़ियाघर प्रबंधन ने तीनों शावकों के नामकरण के लिए आम लोगों से सुझाव आमंत्रित किए हैं. इसके तहत नागरिकों को प्रत्येक शावक के लिए एक-एक नाम, यानी कुल तीन नाम भेजने होंगे. इच्छुक लोग व्हाट्सऐप या संदेश के माध्यम से +91 9438291637 पर अपने सुझाव भेज सकते हैं. प्रबंधन की ओर से गठित समिति प्राप्त प्रविष्टियों में से तीन सर्वश्रेष्ठ सुझावों का चयन करेगी. चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ मुफ्त चिड़ियाघर प्रवेश पास और स्मृति चिह्न दिया जाएगा. नाम भेजने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है. इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों की भागीदारी बढ़ाने के साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और चिड़ियाघर से लोगों का जुड़ाव मजबूत करना है.





