जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) का 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चीन में आयोजित विश्वप्रसिद्ध कैंटन फेयर में भाग लेने के लिए जमशेदपुर से रवाना हुआ. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चैंबर के महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष हर्ष बकरेवाल एवं उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी कर रहे हैं. चैंबर के पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मुन्का भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल 16 से 19 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय कैंटन फेयर का दौरा करेगा. इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मैन्युफैक्चरिंग, मशीनरी एवं विभिन्न औद्योगिक उत्पादों से संबंधित नवीनतम तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंटन फेयर में लगभग 70,000 स्टॉल लगाए जाते हैं, जो उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान करते हैं. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य चीन में विकसित हो रही नवीनतम तकनीकों, आधुनिक मशीनरी, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों तथा मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रियाओं को नजदीक से समझना है. इससे जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के उद्योगपतियों और व्यापारियों को नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने, आधुनिक मशीनरी के उपयोग की संभावनाओं का आकलन करने तथा अपने व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य केवल अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का भ्रमण करना नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध नवीनतम तकनीकों और उत्पादन प्रक्रियाओं को समझकर भारत में उनके उपयोग की संभावनाओं को तलाशना है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भारत लौटकर इन तकनीकों का लाभ उठाएंगे तथा स्थानीय उद्योगों में आधुनिक तकनीक को अपनाने, नए उत्पादों के निर्माण और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास करेंगे। इससे आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी. चीन जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की सूची: कमल मकाती, रमन प्रसाद, लालचंद अग्रवाल, सुमन कुमार, मनीष अग्रवाल, आयुष गोयल, अपूर्व लिखमणिया, राज कुमार अग्रवाल, वत्सल नागेलिया, विनायक नागेलिया, राजेश कुमार अग्रवाल, पुनीत कावंटिया, राजीव अग्रवाल, नवल कुमार संथालिया, लोकेश पलसानिया, अभिषेक अग्रवाल, विनीत मोदी, मोहन कुमार लढ़ा, राकेश मिश्रा, मुकेश शर्मा, सुजीत कुमार भदानी, हरपरीत सिंह, ऋषभ खंडेलवाल, गुलफाम हुसैन, उमंग अग्रवाल, विजय आनंद मूनका, पवन कुमार अग्रवाल, विशाल कुमार तिवारी, गौरव मारवाह, भरत कुमार रुंगटा, चिराग कसेरा, कृष्ण कुमार अग्रवाल, लावण्या अग्रवाल, इंदरजीत सिंह बिंद्रा, कवलजीत सिंह बिंद्रा, पारस कुमार, अंकित बजाज, स्नेह कसेरा शामिल हैं. एससीसीआई का मानना है कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक दौरों से स्थानीय व्यापार एवं उद्योग जगत को वैश्विक बाजार, आधुनिक तकनीक और नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी मिलती है. इससे जमशेदपुर के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने तथा स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी.





