नई दिल्ली : दिवाली और दशहरा से पहले रेल कर्मचारियों को बोनस का तोहफा मिला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए रेलवे के पात्र कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (पीएलबी) देने की मंजूरी दी है. इस पर सरकार के 2,009.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इससे करीब 11.40 लाख गैर-राजपत्रित रेल कर्मचारियों को फायदा मिलेगा. इसकी घोषणा केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की. (नीचे भी पढ़ें)
सरकार के मुताबिक, पात्र रेल कर्मियों को 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस दिया जाएगा. रेल कर्मचारियों को हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले यह बोनस दिया जाता है. इस बोनस का मकसद कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और रेलवे की कार्यक्षमता में सुधार को बढ़ावा देना है. प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस का लाभ पात्र गैर-राजपत्रित रेल कर्मचारियों को मिलेगा. इनमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समेन, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य ग्रुप सी कर्मचारी शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय रेलवे का प्रदर्शन अच्छा रहा. इस दौरान रेलवे ने रिकॉर्ड 1,670 मिलियन टन, यानी 167 करोड़ टन माल की ढुलाई की. वहीं, करीब 7.41 अरब यानी 741 करोड़ यात्रियों ने रेलवे से सफर किया. सरकार ने रेल कर्मचारियों के इसी प्रदर्शन को देखते हुए 78 दिन के बोनस को मंजूरी दी है.





