जमशेदपुर : एक्सएलआरआई – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने अपने जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर परिसरों के दो-वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (बिजनेस मैनेजमेंट) और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) के सत्र 2026-28 के छात्रों के लिए ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप प्लेसमेंट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. इस प्लेसमेंट प्रक्रिया में कुल 587 छात्रों ने भाग लिया, जिन्हें 106 भर्ती कंपनियों की ओर से 594 समर इंटर्नशिप ऑफर मिले. इनमें 32 नए रिक्रूटर्स शामिल थे. इस शानदार सफलता पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए एक्सएलआरआई के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एस.जे. ने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि 2026–28 बैच के प्रत्येक छात्र को समर इंटर्नशिप प्राप्त हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि कंसल्टिंग, कंज्यूमर गुड्स, टेक्नोलॉजी और फाइनेंस क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों ने एक बार फिर संस्थान के विद्यार्थियों की प्रतिभा पर विश्वास जताया है, वहीं 32 नई कंपनियों का आगमन एक्सएलआरआई के बढ़ते प्रभाव और साख को दर्शाता है. प्लेसमेंट के दौरान छात्रों को काफी आकर्षक स्टाइपेंड के ऑफर मिले. इसमें उच्चतम मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये दर्ज किया गया, जबकि औसत मासिक स्टाइपेंड 1.75 लाख रुपये और मध्यम (मीडियन) मासिक स्टाइपेंड 1.80 लाख रुपये रहा. इसके अलावा शीर्ष 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का औसत मासिक स्टाइपेंड 2.58 लाख रुपये तथा शीर्ष 25 प्रतिशत का औसत स्टाइपेंड 2.39 लाख रुपये प्रतिमाह रहा. क्षेत्रवार प्लेसमेंट की बात करें तो कुल अवसरों में से सर्वाधिक 30 प्रतिशत भूमिकाएं कंसल्टिंग क्षेत्र से मिलीं. इनमें एक्सेंचर, बेन एंड कंपनी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, डेलॉयट, ईवाई पार्थेनन, केपीएमजी और पीडब्ल्यूसी जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं. इसके बाद 21 प्रतिशत अवसरों के साथ एफएमसीजी और कंज्यूमर क्षेत्र दूसरे स्थान पर रहा, जिसमें हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, प्रॉक्टर एंड गैंबल, नेस्ले, कोका-कोला, लोरियल और मारिको जैसी दिग्गज कंपनियों ने नौकरियां दीं. ई-कॉमर्स, टेक्नोलॉजी व मीडिया क्षेत्र ने 19 प्रतिशत भूमिकाओं का योगदान दिया, जहां अमेजन, गूगल, फ्लिपकार्ट, सिस्को, स्विगी, मेशो, जिओस्टार और ज़ेप्टो जैसी कंपनियों ने विभिन्न पदों पर चयन किया. इसके अलावा बैंकिंग, वित्तीय सेवा एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र से जेपी मॉर्गन चेस, डी. ई. शॉ, अमेरिकन एक्सप्रेस, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और सिटीबैंक ने महत्वपूर्ण अवसर दिए. वहीं मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोटिव और एनर्जी सेक्टर से टाटा स्टील, महिंद्रा, बजाज ऑटो, जेएसडब्ल्यू ग्रुप और जीई एयरोस्पेस प्रमुख रिक्रूटर्स रहे. जनरल मैनेजमेंट भूमिकाओं के लिए टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (टीएएस), आदित्य बिड़ला ग्रुप, रिलायंस, एलएंडटी और आरपीजी ग्रुप जैसे बड़े उद्योग समूहों ने बड़े पैमाने पर इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए.








