रामगोपाल जेना/गोइलकेरा : जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि बुधवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. गोइलकेरा हाट मैदान स्थित शक्ति स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के राजस्व, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव और मनोहरपुर विधायक जगत माझी समेत सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित कर महान जननायक को नमन किया. इस दौरान नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष सन्नी उरांव समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए समर्थक और अनुयायी भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष शहादत दिवस पर सभा का आयोजन नहीं हुआ, कार्यक्रम सादगी के साथ संपन्न किया गया. इस अवसर पर मंच पर मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य लोगों ने रूपी सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी ने सारंडा-पोड़ाहाट के सुदूरवर्ती गांवों से पहुंचे देवेंद्र माझी के अनुयायियों को स्थानीय हो भाषा में संबोधित किया. मंत्री दीपक बिरुआ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शहीद देवेंद्र माझी जंगल आंदोलन के अमर नायक हैं. उन्होंने आदिवासियों, गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उनकी शहादत हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने और उनके विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है. विधायक निरल पुर्ती और सुखराम उरांव ने देवेंद्र माझी को महान योद्धा बताते हुए उनके विचारों और संघर्षों को याद किया. (नीचे भी पढ़ें)
इससे पूर्व सांसद जोबा माझी के चक्रधरपुर स्थित आवास पर भी शहीद देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. वहां भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें नमन किया. श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, सरायकेला झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेन्दु महतो, वरिष्ठ झामुमो नेता कालीपद सोरेन, अकबर खान, गणेश बोदरा, जगदीश नारायण चौबे, विशू हेम्ब्रम, रामसिंह हेम्ब्रम, दीपक प्रधान, अभिषेक सिंकू, मोहम्मद तबारक, दिनेश गुप्ता, सुखमती बानरा, आसमान सुंडी और जानकी हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे. चक्रधरपुर, चाईबासा, जगन्नाथपुर, सोनुवा, मनोहरपुर, गुदड़ी, आनंदपुर, राजनगर, सरायकेला, आदित्यपुर, गम्हरिया, गुवा और किरीबुरू समेत विभिन्न क्षेत्रों से लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
व्यस्तता के बीच सांसद-विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
शहीद देवेंद्र माझी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त रहने के बावजूद सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने सुदूरवर्ती इलाकों से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपे. सांसद और विधायक ने ग्रामीणों से सहजता से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया.





