जमशेदपुर : जमशेदपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन लोगों को पकड़ा है, जिनमें दो युवक और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक शामिल है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कपाली के रहने वाले मो. आबिद से 97 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात सामने आई है. मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग का है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को पकड़ा. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवक अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक नगर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया. तलाशी के दौरान दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किया गया. पकड़े गए युवकों की पहचान मो. अयान आलम और मो. सादिक आलम के रूप में हुई है, जबकि तीसरा एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने कथित तौर पर कपाली निवासी मो. आबिद से 97 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात बताई है. फिलहाल, बर्मामाइंस थाना में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस हथियारों के स्रोत और कथित खरीद-बिक्री के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है.





