जमशेदपुर: पिछले कई वर्षों की तरह इस वर्ष भी दिवाली के मौके पर श्याम भक्त मंडल भालूबासा द्वारा जमशेदपुर के नागरिकों को लागत दर पर मिठाई और नमकीन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए जमशेदपुर के विभिन्न हिस्सों में 15 काउंटर खोले जाएंगे ताकि सभी वर्गों के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता युक्त मिठाई और नमकीन उपलब्ध हो सके. इस योजना के तहत मुख्य रूप से काजू बर्फी, दिलखुसार, लड्डू, सुवाली, निमकी, कचौड़ी और मिक्स पैक कम से कम मूल्य पर उपलब्ध होगा. (नीचे भी पढ़ें)

मिठाई के लिए बुकिंग का कार्य 26 अक्टूबर से शुरू होगा जो 2 नवंबर तक चलेगा. बाजार मूल्य से दर काफी कम है जो बिल्कुल लागत मूल्य पर निर्धारित किया गया है. पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर मिठाई का वितरण होगा. (नीचे भी पढ़ें)

श्याम भक्त मंडल के संयोजक पवन अग्रवाल ने बताया कि समाज हित में किए जाने वाले इस कार्य की शुरुआत 30 अक्टूबर को बाबा श्याम की आराधना और शीतल भवन, भालूबासा में भट्ठी पूजा के साथ पूरी श्रद्धा के साथ की जाएगी. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज की सच्ची सेवा है. कम मूल्य पर गुणवत्ता युक्त मिठाई उपलब्ध कराना ही एकमात्र उद्देश्य है ना कि कोई मुनाफा करना. इस कार्य से सामान्य वर्ग के लोग भी दिवाली के मौके पर अपने घरों तक मिठास पहुंचा सकेंगे. पवन अग्रवाल ने बताया कि दिवाली के मौके पर निम्न वर्ग के लोगों के बीच मिठाई और नमकीन का निशुल्क के वितरण किया जाएगा ताकि उनके घरों में भी दीपावली की खुशियां मनाई जा सके. पूरे कार्य के संचालन और देखरेख के लिए श्याम भक्त मंडल की टीम पूरी तनमय्यता से लगी हुई है, जिसमें मुख्य रूप से राजू खंडेलवाल, अरुण अग्रवाल, बजरंग केवलका, मुरारी लाल गोयल, विमल अग्रवाल, संजय शर्मा, माली राम अग्रवाल, बसंत अग्रवाल, नितिन चौधरी, हैप्पी अग्रवाल, अनीस गुप्ता, श्रीधर राव,मुख्य रूप से शामिल हैं.





