जमशेदपुर : जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिले) में अपराध एवं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत आजादनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विनसेरेक्स कफ सिरप की खरीद-बिक्री करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 100 – 100 मिलीलीटर की कुल पांच बोतल कफ सिरप बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जिले में अपराध एवं नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिर नगर स्थित शिया मस्जिद के पास अवैध रूप से विनसेरेक्स कफ सिरप की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी पहचान अली रजा उर्फ शहजादा (33 वर्ष), पिता स्वर्गीय इनामुल हक, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी तथा मोहम्मद नौशाद खान उर्फ लालू (46 वर्ष), पिता स्वर्गीय शब्बीर खान, निवासी क्रॉस रोड नंबर 12, शिया मस्जिद के पास, जाकिर नगर, आजादनगर थाना क्षेत्र, जमशेदपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 100 मिलीलीटर की पांच बोतल विनसेरेक्स कफ सिरप बरामद की है. इस मामले में आजादनगर थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जमशेदपुर पुलिस द्वारा अपराध और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ का उद्देश्य ऐसे मामलों पर अंकुश लगाना और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना है. पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान की एक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है.





