जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में सोमवार सुबह फ्रेंड्स मोबाइल स्टोर में 6 से 7 नकाबपोश बदमाश घुस आए. बदमाशों ने दुकान में तोड़फोड़ की और दुकान मालिक नसीम हुसैन के साथ मारपीट की. दुकान मालिक ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उनके गले से करीब 60 हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए. दरअसल, पूरा मामला एक मोबाइल की ईएमआई से जुड़ा बताया जा रहा है. दुकान मालिक के मुताबिक, एक युवक ने बजाज फाइनेंस के माध्यम से किस्तों पर मोबाइल खरीदा था, लेकिन पहले महीने से ही उसने ईएमआई जमा नहीं की. दुकानदार की ओर से पिछले करीब 15 दिनों से लगातार युवक को फोन कर किस्त जमा करने के लिए कहा जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
सोमवार सुबह दुकानदार ने युवक को दुकान के बाहर से गुजरते देखा और रोककर ईएमआई जमा करने को कहा. इस पर युवक ने कुछ देर बाद पैसे देने की बात कही. आरोप है कि थोड़ी देर बाद वह 6 से 7 युवकों के साथ दुकान में पहुंचा. सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे. दुकान मालिक का कहना है कि जब उन्होंने युवकों को रोकने और वहां से हटाने की कोशिश की, तो उनके साथ मारपीट की गई. इसी दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई और उनके गले से करीब 60 हजार रुपये चोरी कर लिए गए. घटना के दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए. पकड़े गए युवक को मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. घटना की सूचना मानगो थाना पुलिस को भी दे दी गई है.





