गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र में एनएच किनारे उलदा स्थित हवेली ढाबा के पास सोमवार की दोपहर दुर्घटना में बड़ा उलदा निवासी 66 वर्षीय सावित्री सिंह की मौत हो गयी. सावित्री सिंह पशुओं के लिए घास काटने खेत जा रही थी. वह हाइवे पार कर रही थीं. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण जुट गये. हाइवे एंबुलेंस की मदद से महिला को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया.परिजनों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व गालूडीह बराज रेलवे फाटक के पास सरकारी कुआं निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से उनके पति की मौत हो गयी थी. अब सावित्री सिंह के चले जाने से परिवार के सदस्य सदमे में हैं. पुत्र घनश्याम सिंह और जयशंकर सिंह समेत बहू और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है.





