जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के वार्ड नंबर 10 के संकोसाई स्थित श्यामनगर की दो गलियों में रहने वाले 100 से अधिक परिवार पिछले चार वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे हैं. पाइपलाइन से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को चापाकल के सहारे अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं. पानी की समस्या से परेशान सुनीता देवी, मंजू गोराई, पेमो प्रमाणिक, पूर्णिमा गोराई, बसंती देवी और मुन्नी देवी समेत कई महिलाएं मंगलवार को नगर निगम पहुंचीं. उन्होंने बताया कि जलापूर्ति की समस्या के कारण रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों का कहना है कि पिछले चार वर्षों में पाइपलाइन से महज कुछ दिनों तक ही पानी मिला है. स्थानीय लोगों ने इस समस्या से वार्ड पार्षद जितेंद्र साव को भी अवगत कराया है. नगर निगम के अधिकारियों ने महिलाओं को एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया है. इसके बाद महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के अंदर पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो आठवें दिन 100 से अधिक लोगों के साथ नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा. अब स्थानीय लोगों को जलापूर्ति शुरू होने का इंतजार है.





