जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की घटना में पूछताछ के लिए बोड़ाम के दो युवकों को थाने में बुलाए जाने के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ. युवकों के परिजनों, ग्रामीणों और जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष ने थाना पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों को चार दिनों से थाने में रखा गया है, लेकिन इसकी जानकारी ग्राम प्रधान तक को नहीं दी गई. जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कदमा थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की घटना हुई थी. मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है. इसी दौरान एक वाहन के रंग के आधार पर संदेह होने पर बोड़ाम के दो युवकों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने बुलाया गया था. (नीचे भी पढ़ें)

इस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद दोनों युवकों के परिजन, पंचायत के लोग और जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष कदमा थाना पहुंचे. ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवकों को चार दिनों तक थाने में रखने के बावजूद ग्राम प्रधान को इसकी सूचना नहीं देना उचित नहीं है. उन्होंने दोनों युवकों को जल्द छोड़ने की मांग की. थाना परिसर में ग्रामीणों और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए युवकों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की ओर से परिजनों को आश्वासन दिया गया कि यदि युवकों के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलता है, तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा. फिलहाल, चेन छिनतई मामले में पुलिस की जांच जारी है. वहीं, युवकों को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई.












