जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया. वे 78 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर से भाजपा जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को एक शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकलने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहां से टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाने के क्रम में उनका दुःखद निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे. सभी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की. चंद्रशेखर मिश्रा के निधन से भाजपा परिवार को गहरा आघात पहुंचा है. उनके यूं असमय जाने से पार्टी ने एक अनुभवी और समर्पित नेता को खो दिया है। उनके निधन से कार्यकर्ताओं में मायूसी देखी गई. चंद्रशेखर मिश्रा की अंतिम यात्रा गुरुवार सुबह 11 बजे जमशेदपुर के भालुबासा के इंद्रानगर स्थित उनके आवास से निकलेगी. अंतिम यात्रा भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.












