जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय (डीसी ऑफिस) स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त राजीव रंजन ने विधिसम्मत दत्तक ग्रहण प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत एक अनाथ बच्चे को उसकी दत्तक मां को सुपुर्द किया. दत्तक मां न्यूजीलैंड की निवासी हैं और एकल अभिभावक (सिंगल मदर) के रूप में बच्चे का पालन-पोषण करेंगी. बच्चे को सोनारी के विशेष दत्तक ग्रहण संस्था में आवासित रखा गया था. दत्तक ग्रहण से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं निर्धारित प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के बाद बच्चे को परिवार के सुपुर्द किया गया. जिला प्रशासन द्वारा बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, संरक्षण एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ उनके सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता दी जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल से अब तक पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा कुल 8 अनाथ बच्चों को दत्तक परिवारों को सुपुर्द किया जा चुका है. यह पहल बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं स्थायी पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके बेहतर भविष्य और समुचित विकास की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.












