गालूडीह : बड़ाखुर्शी पंचायत के खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के समीप दीसांड़ मैदान में सोलर जल मीनार का निर्माण कराया जा रहा है. 2 लाख 49 हजार रुपये की लागत वाली इस योजना का कार्य पंचायत समिति फंड से हो रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आसपास के ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी. बस स्टैंड के पास जल मीनार बनने से राहगीरों और यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
वर्तमान में इस स्थान से गुजरने वाले लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ती है. खास कर गर्मी के दिनों में पानी की जरूरत अधिक महसूस होती है. ऐसे में सोलर जल मीनार का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा. सोलर ऊर्जा से संचालित होने वाली इस जल मीनार से बिजली पर निर्भरता भी कम रहेगी. ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और उन्हें नियमित रूप से पेयजल की सुविधा मिल सकेगी. पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.












