रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पदाधिकारियों का चुनाव चार नवंबर को होगा. इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) सदस्य पद के लिए मतदान होगा.चुनाव में काउंसिल के 25 सदस्य और झारखंड के महाधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने बताया कि चार नवंबर को पूर्वाह्न 11:15 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी. चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है.(नीचे भी पढ़े)
मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी. इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किये जाने की संभावना है.बार काउंसिल के अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार कुमार चुनाव मैदान में हैं. दोनों उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा. वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें अनिल कुमार महतो, मधुलता रानी, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव और रिंकू भकत शामिल हैं. इस पद पर मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है.












