सरायकेला : सरायकेला खरसावां ज़िलें के चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच 33 स्थित ब्रिज के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार 35 वर्षीय नंदलाल माली की मौके पर ही मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, नंदलाल माली चांडिल बाजार से दीपावली की पूजा के लिए आवश्यक सामान खरीदकर अपनी बाइक (जेएच 09 एएम 9848) से पटड़ी गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी दौरान चांडिल ब्रिज पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया. हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी है. बताया जाता है कि नंदलाल माली पटड़ी गांव के रहने वाले थे और चांडिल टोल प्लाजा में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
उनके परिवार में दो छोटे बच्चे हैं. दीपावली के दिन पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ लोग अपने घरों में दीप जलाकर खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ सड़क दुर्घटनाओं में परिवार उजड़ रहे हैं नंदलाल माली की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही आखिर कब तक परिवारों की खुशियां छीनती रहेगी.












