जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के सुमन होटल के पास खड़िया बस्ती निवासी बिट्टू कुमार सड़क हादसे में घायल हो गया. वहीं 14 वर्षीय किशोर विक्की कुमार की मौत हो गई. किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. घटना 9 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे की है. उलीडीह ओपी क्षेत्र के खड़िया बस्ती निवासी बिट्टू कुमार अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई विक्की कुमार के साथ बाइक से चाय पीने निकले थे. दोनों एमजीएम थाना क्षेत्र में एमजीएम अस्पताल के पास स्थित सुमन होटल से कुछ आगे पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में साइड से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. वहां उनकी पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें टीएमएच ले गए. इस हादसे में बिट्टू कुमार के पैर में चोट आई थी. इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और फिलहाल वह घर पर हैं. वहीं, 14 वर्षीय विक्की कुमार की हालत गंभीर बनी हुई थी. उसे टीएमएच के सीसीयू में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था. करीब एक दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 10 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे विक्की ने दम तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़ें)
खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जिस घर में कुछ दिन पहले तक खुशियां और हंसी-ठिठोली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने बुधवार को विक्की के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों का सौंप दिया है. हादसे के बाद परिवार के लोगों में गहरा शोक है.












