जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वर्णरेखा नदी अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा और सहूलियत को सर्वोपरि रखने की बात संबंधित पदाधिकारियों से की. विधायक पूर्णिमा साहू ने सीतारामडेरा क्षेत्र के पांडे घाट, भुइयांडीह कल्याण नगर मुर्गा पाड़ा, बाबूडीह झरना घाट, बाबूडीह बारा घाट के साथ-साथ बारीडीह क्षेत्र के बागुनहातु डोंगा घाट, बिहारी बस्ती घाट, तिलक नगर घाट, भोजपुरी कॉलोनी घाट और निराला पथ घाट का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और छठ पूजा समितियों से बातचीत की और घाटों की मौजूदा स्थिति, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने अधिकारियों को घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती समेत एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीम की मौजूदगी जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद नदी घाटों की सफाई और व्यवस्था में तेजी आयी है. छठ पर्व के मद्देनजर बचे हुए समय में उनका प्रयास रहेगा कि जहां भी कोई कमी या आवश्यकता दिखे, उसे तत्काल दूर किया जाए, जिससे छठ पर्व बिना किसी परेशानी के श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो.












