आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित खरकई पुल पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक किशोरी ने छोटे पुल से नदी में छलांग लगा दी. घटना दोपहर करीब 12 बजे की बतायी जा रही है. किशोरी के नदी में कूदने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया और उसे नदी में पुल के पिलर के पास सुरक्षित पहुंचाया. कुछ देर के लिए उसे गहरे पानी के किनारे पिलर के पास रखा गया है, उसके बाद गोताखोरों द्वारा बाहर निकाला गया. हालांकि बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने से रेस्क्यू अभियान में भी थोड़ा परेशानी का सामना करना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी को सुरक्षित रेस्क्यू करवाया. फिलहाल पुलिस उसे थाना ले गयी और उससे पूछताछ कर रही है.












