जमशेदपुर: जमशेदपुर के छोटागोविंदपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक समिति द्वारा आयोजित एक गरिमामयी समारोह में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया. यह प्रतिमा जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी की विधायक निधि लगभग 6 लाख की लागत से निर्मित कराई गई हैप्रतिमा का अनावरण विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व उपायुक्त गणेश कुमार, समिति के संयोजक रामाश्रय प्रसाद, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, विजय यादव समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों, विद्यालय परिवार और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत रूप से संपन्न हुआ. समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने सरदार पटेल के चित्र व प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल आधुनिक भारत की एकता और अखंडता के शिल्पी थे. उन्होंने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र को सुदृढ़ आधार प्रदान किया. विधायक निधि से इस आदमकद प्रतिमा की स्थापना का उद्देश्य नई पीढ़ी और विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में यह प्रतिमा बच्चों को सदैव देशहित में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम के संयोजक रामाश्रय प्रसाद ने सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक समिति और क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक मंगल कालिंदी का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विधायक ने समिति और समाज की भावना का सम्मान करते हुए विधायक निधि से इस भव्य प्रतिमा का निर्माण कराकर सराहनीय व ऐतिहासिक कार्य किया है. इससे छोटागोविंदपुर सहित पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का वातावरण बना है.कार्यक्रम में डॉ. परितोष सिंह और विजय यादव, धर्मेंद्र प्रसाद,ने भी सरदार पटेल के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए इस पहल की प्रशंसा की. समारोह का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी व स्थानीय लोग मौजूद रहे.















