जमशेदपुर: बिरसानगर में बजरंगबली मंदिर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. भाजपा बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने बापी सरदार नामक व्यक्ति पर मंदिर परिसर में हंगामा करने, पुजारी के साथ मारपीट एवं गाली-गलौज करने तथा मंदिर की कुर्सियां तोड़ने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है.बापन बनर्जी ने बताया कि स्थानीय बस्तीवासियों के सहयोग से उन्होंने अपने आवासीय क्षेत्र में बजरंगबली मंदिर का निर्माण कराया है. उनका आरोप है कि बापी सरदार अक्सर शराब के नशे में मंदिर पहुंचकर मंदिर को तोड़ने और अतिक्रमण की बात कहकर विवाद करता है. स्थानीय लोग पहले भी उसे समझाकर घर भेजते रहे हैं.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच संबंधित व्यक्ति ने बस्ती के कई लोगों के साथ गाली-गलौज की. मंदिर में बज रहे भजन को बंद करा दिया तथा पुजारी के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया. इस दौरान मंदिर परिसर में रखी कुर्सियां भी तोड़ दी गईं. घटना की सूचना मिलने पर वह अपनी बैठक छोड़कर मौके पर पहुंचे और संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना.मंडल अध्यक्ष ने सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि स्थानीय निवासी माणिक दत्ता ने केवल उनके और बापी सरदार के बीच हुए विवाद का फुटेज उपलब्ध कराया, जबकि शाम 6 से 7 बजे के बीच बस्ती के अन्य लोगों के साथ हुई कथित गाली-गलौज की घटनाओं का फुटेज नहीं दिया गया. उन्होंने पुलिस से पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज जांचने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की..(नीचे भी पढ़े)
बापन बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर के सामने सरकारी नाली पर अतिक्रमण कर गिट्टी, बालू और ईंट का कारोबार किया जा रहा है. इस मुद्दे का विरोध करने पर उनके खिलाफ पुराने वीडियो के माध्यम से गलत माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है.उन्होंने पुलिस प्रशासन से बापी सरदार, माणिक दत्ता और संदीप सामंत सहित संबंधित लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने की मांग की. साथ ही कहा कि यदि पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पहले धरना दिया जाएगा और इसके बाद भाजपा बिरसानगर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ थाना घेराव किया जाएगा.इस मामले में बापन बनर्जी ने स्पष्ट किया कि उनके पास भी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है और वह पुलिस जांच में सहयोग करने को तैयार हैं.












