रामगोपाल जेना चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को किरीबुरू थाना क्षेत्र के टाटीवा पहाड़ की तराई में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित महुआ चुलाई शराब की एक भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. वहीं, टाटीवा गांव में अवैध शराब बिक्री के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया.(नीचे भी पढ़े)

छापेमारी के दौरान कुल 52 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. इसके अलावा शराब बनाने के लिए भट्ठी में जमा लगभग 2,000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इस कार्रवाई में कुल तीन अभियोग दर्ज किए गए हैं. संचालक के विरुद्ध जांच के बाद उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा.












