जमशेदपुर : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान जमशेदपुर के एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई. कार्यक्रम में सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल आदर्शों को आत्मसात करने तथा कानून के प्रति सम्मान बनाये रखने का संदेश दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों में संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मजबूत करना था.















