जमशेदपुर : शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में ‘आनंदमठ : एक पुनरावलोकन’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ. संगोष्ठी में शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विद्वानों ने भाग लिया. इस दौरान बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की कालजयी कृति ‘आनंदमठ’ के साहित्यिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर गहन विचार-विमर्श हुआ. वक्ताओं ने कहा कि ‘आनंदमठ’ केवल एक उपन्यास नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता चेतना का सशक्त प्रतीक है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापक कुमारी निकिता द्वारा वंदे मातरम् की प्रस्तुति से हुआ. उन्होंने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत करने के साथ ही मंच संचालन भी किया. इसके पश्चात सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया. कोल्हान विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉ रागिनी भूषण ने स्वागत भाषण में अतिथियों का अभिनंदन करते हुए संगोष्ठी की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय साहित्य, संस्कृति और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. (नीचे भी पढ़ें)

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए न्यास की सह क्षेत्र संयोजक (पर्यावरण शिक्षा) डॉ कविता परमार ने बताया कि शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से 2 जुलाई 2004 को इस आंदोलन की शुरुआत हुई थी. प्रारंभ में छह विषयों से शुरू हुई न्यास की गतिविधियां आज चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, वैदिक गणित, पर्यावरण शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल शिक्षा, शोध, इतिहास शिक्षा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा सहित अनेक क्षेत्रों तक विस्तृत हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में भी न्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनका स्पष्ट संदेश था कि देश को बदलना है तो शिक्षा को बदलना होगा और समस्याओं पर चर्चा के साथ उनके समाधान पर भी ध्यान देना होगा. (नीचे भी पढ़ें)

सोना देवी विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नीतू नयना ने विश्वविद्यालय की प्रगति एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया. संगोष्ठी के मुख्य वक्ता जमशेदपुर अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य डॉ नरेश कुमार ने ‘आनंदमठ : एक पुनरावलोकन’ विषय पर सारगर्भित व्याख्यान दिया. उन्होंने कहा कि वर्ष 1882 में प्रकाशित बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की यह कालजयी रचना भारतीय आधुनिकता को उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है. उपन्यास की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संन्यासी विद्रोह, तत्कालीन शोषण और सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसकी राष्ट्रीय चेतना में भूमिका को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों में त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना जागरित की. कांग्रेस के अधिवेशन में इसके गायन के बाद यह गीत जन-जन में और लोकप्रिय हुआ. उन्होंने विद्यार्थियों से बंकिमचंद्र के साहित्य का अध्ययन करने तथा ‘आनंदमठ’ को हिंदी में भी पढ़ने का आह्वान किया. मुख्य अतिथि एवं सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने अपने संबोधन में मां, मातृभूमि और मातृभाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण परिवार, समाज और राजनीति में नैतिक मूल्यों के विकास से होता है. ‘आनंदमठ’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान क्रांतिकारियों को गीता के समान प्रेरणा प्रदान की तथा उनमें राष्ट्र के प्रति समर्पण और संघर्ष का भाव जगाया. उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में भारतीय ज्ञान परंपरा को महत्व देने और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया. (नीचे भी पढ़ें)

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान, शोध, साहित्य और सांस्कृतिक विमर्श उच्च शिक्षा के अभिन्न अंग हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से नवाचार एवं अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने तथा समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया. विशिष्ट वक्ता तुलसी भवन, जमशेदपुर के मानद महासचिव डॉ. प्रसेनजित तिवारी ने भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक महत्ता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि वेद, उपनिषद, जैन, बौद्ध एवं सिख दर्शन, गणित, शासन व्यवस्था और आयुर्वेद के क्षेत्र में भारत का योगदान अत्यंत समृद्ध रहा है. कौटिल्य के अर्थशास्त्र एवं प्राचीन भारतीय चिंतन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और अनुसंधान से भारत वर्ष 2047 तक पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एमआइटी, जमशेदपुर के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ रंजीत प्रसाद ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में ‘आनंदमठ’ की साहित्यिक एवं वैचारिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके विचारों और कार्यों से बनती है, इसलिए प्रत्येक निर्णय स्वविवेक से लेना चाहिए. उन्होंने भाषा की समृद्धि, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना अपनाने पर बल दिया. साथ ही, भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरुकुल व्यवस्था और विश्व कल्याण की भावना को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया. कार्यक्रम के अंत में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत सचिव एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकल्प से जुड़े श्रीमन्नारायण त्रिगुण ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता, विशिष्ट वक्ताओं, शिक्षाविदों, विश्वविद्यालय परिवार एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.












