चक्रधरपुर : सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा के उद्देश्य से बुधवार सुबह 6:30 बजे साइक्लिस्टों का एक दल विशेष साइक्लिंग अभियान पर निकला. अभियान के तहत साइक्लिस्टों ने चक्रधरपुर से चाईबासा, सरायकेला होते हुए टाटा के बिष्टुपुर तक साइकल यात्रा की. इसके बाद सभी प्रतिभागी उसी मार्ग से वापस चक्रधरपुर लौटे. अभियान में बड़ी संख्या में साइक्लिस्टों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस अभियान का उद्देश्य साइक्लिंग के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की चिकित्सा सेवा के लिए फंड जुटाना है. जुटाई गई राशि का उपयोग विशेष रूप से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं के इलाज और सुरक्षित मातृत्व के लिए किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के आयोजक कुणाल सिंह ने बताया कि इस पहल के तहत ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव से लेकर पूरी तरह स्वस्थ होने तक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है. इसके लिए चक्रधरपुर स्थित मां नर्सिंग होम में महिलाओं के उपचार, आवश्यक दवाइयों, प्रसव और प्रसव के बाद की संपूर्ण देखभाल की व्यवस्था की जाएगी. स्वस्थ होने के बाद महिलाओं को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि इस पूरी चिकित्सा व्यवस्था का खर्च लायंस क्लब एवं यूसिल द्वारा वहन किया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद गर्भवती महिला को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहना पड़े. इस सामाजिक पहल में चक्रधरपुर स्थित मां नर्सिंग होम के संचालक दीपक महतो का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहेगा. वहीं, लायंस क्लब कोलकाता और क्योर कैंसर यूसीएल ने भी इस नेक पहल को सफल बनाने के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया है. आयोजनकर्ताओं का कहना है कि साइकिलिंग केवल स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकारात्मक बदलाव भी लाया जा सकता है। अभियान का संदेश है कि जागरूकता के साथ सहयोग और सहयोग के साथ सेवा की भावना को आगे बढ़ाया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
इस साइकिलिंग अभियान में सुबोध चन्द्र प्रधान, ललित कुमार, बिपासा दत्ता, ब्रातिन दत्ता, आयुष बोदरा, आयुष केरकेट्टा, अनिमेष बोदरा, ओलिवर केरकेट्टा, नितिन कुजूर, अविनाश बोदरा, दिनेश मेलगाण्डी, अर्जुन गगराई, ऋषि सहित अन्य साइकिलिस्ट शामिल ग्रामीण महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल मानव सेवा का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आई है.















