पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पटमदा से बीती रात पार्टी में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहे दो दोस्त भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए. इस हादसे में महेश्वर गोप (19) की मौत हो गयी, जबकि उसके साथ मौजूद दोस्त लल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना पारडीह काली मंदिर के सामने की है. मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात दोनों दोस्त स्कूटी से पटांडा में आयोजित एक पार्टी में शामिल होने गए थे. पार्टी से वापस लौटने के दौरान काली मंदिर के सामने उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. रात करीब 12 बजे लल्लू के परिजन महेश्वर गोप के घर पहुंचे और परिवार को सूचना दी कि उनके पास फोन आया है, जिसमें काली मंदिर के पास सड़क हादसा होने और दोनों युवकों के घायल होने की जानकारी दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि स्कूटी सड़क पर गिरी हुई थी और दोनों युवक सड़क के दोनों ओर पड़े हुए थे. महेश्वर गोप झाड़ियों के अंदर फंसा हुआ था. इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महेश्वर गोप को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में घायल दूसरे युवक लल्लू का इलाज जारी है. दोनों दोस्त पारडीह के इंद्रा कॉलेनी के रहने वाले थे. शुक्रवार को एमजीएम अस्पताल में महेश्वर गोप के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.















