जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी वाटर टावर के पास रहनेवाले पृथ्वी कुमार निषाद ने अपने पिता बसंत कुमार निषाद के टीएमएच में पड़े शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उनका अंतिम संस्कार करने के लिए उन्हें सौंपे जाने की गुहार बिष्टुपुर थाना प्रभारी से लगाई है. बताते चलें कि बसंत कुमार निषाद का 27 नवंबर को इलाज के दौरान निधन हो गया था. (नीचे भी पढ़ें)
पृथ्वी कुमार निषाद ने बताया है कि उनके पिता बसंत कुमार निषाद (62) कांड्रा स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड में कार्यरत थे. 27 नवंबर को सुबह 9:30 बजे कंपनी में काम के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे, जिसके बाद प्रबंधन ने उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनको नेताजी सुभाष अस्पताल ले जाया गया. किन्तु वहां वेंटिलेटर नहीं होने के कारण उनको वहां से टीएमएच रेफर कर दिया गया. टीएमएच पहुंचने पर वहां के डॉक्टरों ने इलाज के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उसके बाद से उनका शव टीएमएच के मोर्ग में रखा हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के बेटे, पृथ्वी निषाद ने कहा है कि उनकी मृत्यु की घटना में किसी को कोई दोष नहीं है, इसलिए उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उनको सौंपा जाय, ताकि वे अपने पिता का अंतिम संस्कार करा सकें. टीएमएच पुलिस केंद्र के अधिकारी ने पृथ्वी निषाद द्वारा सौंपे ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए कांड्रा थाना को अग्रसारित कर दिया है, जिसके अधिकार क्षेत्र में उक्त घटना घटित हुई थी.












