रामगढ़ : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने दादा एवं अमर शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर रामगढ़ जिले के लुकैयाटांड (नेमरा) स्थित शहीद स्थल पहुंचे. मुख्यमंत्री यहां शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को कोटि-कोटि नमन किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी-सह-गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं. उन्होंने भी शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. शहादत दिवस के इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने अमर शहीद के आदर्शों और संघर्षों को याद किया. दूसरी ओर, रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस-सह- पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए. इस दौरान रामगढ़ जिलान्तर्गत लगभग 111 करोड़ रुपए की जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी आदरणीय शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) जी के 69वें शहादत दिवस पर यहां एकत्रित हुए हैं. इस दिवस को ऐतिहासिक बनाने और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य इस राज्य के आदिवासी-मूलवासी समाज के बीच से उभरे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया. सामंती सोच और अत्याचार के विरुद्ध, जिस संघर्ष की आवाज को दबाने का षड्यंत्र रचा गया था, वह गुरुजी के नेतृत्व में फिर से जीवंत हो उठा. आज की नई युवा पीढ़ी इस शहादत की विरासत को आगे ले जाने का संकल्प लेती है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पुराने दिनों की यादें ताजा की. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने बोलना तो दूर, सिर उठाकर देख भी नहीं सकते थे, लेकिन आज स्थिति बदली है. वर्तमान समय में राज्य का हर गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रखता है और स्वाभिमान के साथ सिर उठाकर जीता है. इसका पूरा श्रेय शहीद सोबरन मांझी की शहादत को जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि बड़ी घटनाएं ही मानव को प्रेरणा देती है. भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों की तरह ही सोबरन मांझी ने अपनी कर्मठता और निडरता का परिचय दिया. गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक अत्याचार के विरुद्ध जो छोटी-छोटी चिंगारियां फूटीं, वही आगे चलकर अलग झारखंड राज्य के आंदोलन का रूप लिया. उस समय लोग हंसते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हम राज्य की आंतरिक स्थिति को भली-भांति समझते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

गांव-देहात और सुदूर क्षेत्रों से लेकर शहरों तक के लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है. पहले चरण में राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं (18 से 50 आयु वर्ग) को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। देश के किसी अन्य राज्य में ऐसी योजना नहीं चल रही है. हमारा उद्देश्य है कि हमारी माताएं-बहनें सशक्त बनें और स्वयं अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटाने का काम करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने के मार्ग में कई तरह की बाधाएं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है. हमारे राजस्व के स्रोतों को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हम इससे घबराने वाले नहीं हैं. जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे. अब यह वह झारखंड नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई हमारा शोषण कर सके. पहले हम अपने राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री ने वर्तमान घटनाक्रम की ओर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम को सादगी के साथ आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे और अधिक भव्य तथा उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक सह मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत आदि पदाधिकारीगण, रामगढ़ जिला के अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित प्रबुद्ध नागरिकगण व बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे.












