बहरागोड़ा : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शुक्रवार को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात कर ओडिशा और पश्चिम बंगाल से सटे झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में चक्रवाती तूफान अकवान से किसानों को हुए फसल के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया. इसके साथ ही उन्होंने जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम की सुविधा जल्द से जल्द शुरू कराने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके. (नीचे भी पढ़ें)
वहां उपस्थित झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विभागीय सचिव को निर्देश दिया कि किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं कुणाल षाडंगी ने झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मिल कर धान खरीद प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो और बिचौलियों की भूमिका पर रोक लगाई जा सके जिससे किसी भी किसान को बिचौलियों के कारण नुकसान न उठाना पड़े.












