जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस प्रशासन को आधुनिक और बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई कड़ी जुड़ गई है. जमशेदपुर में एसएसपी कार्यालय की नवनिर्मित स्मार्ट बिल्डिंग का शनिवार को भव्य उद्घाटन हुआ. इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे. नए एसएसपी कार्यालय का निर्माण झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा किया गया है. इस भवन पर करीब 9 करोड़ 19 लाख रुपये खर्च किए गए हैं. ग्राउंड प्लस थ्री (जी+3) संरचना वाले इस कार्यालय भवन का कुल क्षेत्रफल लगभग 10 हजार वर्ग फीट है. (नीचे भी पढ़ें)

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में पुलिस अधिकारियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं. इसके साथ ही लिफ्ट, अत्याधुनिक अग्निशमन प्रणाली, बिजली के लिए पावर बैकअप और बेहतर डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराई गई है. इन व्यवस्थाओं से पुलिस अधिकारियों को दैनिक कार्यों के निष्पादन में सहूलियत होगी. नए कार्यालय की एक खास विशेषता यह है कि यहां पत्रकारों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर पुलिस कार्यालय आने वाले आम नागरिकों के लिए भी बैठने का विशेष प्रबंध किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस स्मार्ट कार्यालय के शुरू होने से पुलिस प्रशासन के कामकाज में तेजी आने, अपराध अनुसंधान को बेहतर बनाने, डिजिटल रिकॉर्ड के रखरखाव और आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण में मदद मिलने की उम्मीद है. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन जमशेदपुर पुलिस के प्रशासनिक कार्यों को और अधिक व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.















