जमशेदपुर : महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने एक दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 50 वर्षीय महिला को नई राहत दी है. सरायकेला-खरसावां निवासी गुरुवती देवी (50 वर्ष) पिछले 30 वर्षों से ठुड्डी के निचले हिस्से में सूजन और गांठ की समस्या से जूझ रही थी. समय के साथ यह गांठ बढ़कर मुंह के निचले हिस्से तक फैल गई थी, जिससे उms खाना खाने और बोलने में भी कठिनाई हो रही थी. कई अस्पतालों से रेफर होने के बाद जब वह एमजीएम अस्पताल पहुंची, तो ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ भीमसेन हांसदा के मार्गदर्शन में डॉ निहार टोपनो और उनकी टीम ने उसके ऑपरेशन का निर्णय लिया. (नीचे भी पढ़ें)
चिकित्सकों ने गर्दन और मुंह के अंदरूनी रास्ते का उपयोग करते हुए इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया और गांठ को निकालकर जांच के लिए भेजा. ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और उसने मुंह से आहार लेना भी शुरू कर दिया है. इस सफल ऑपरेशन में मुख्य सर्जन डॉ निहार टोपनो के साथ सहायक चिकित्सक डॉ कुमार गौरव, डॉ असद, डॉ सचिन, डॉ शिशिर, निश्चेतना विभाग के डॉ पीके दत्ता तथा नर्सिंग स्टाफ रेणु और ओटी स्टाफ रोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.















