
जमशेदपुर : ब्रांड और परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए टाटा स्टील के जारी प्रयासों के तहत टाटा स्टील ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ पालघर और भिवंडी में संयुक्त छापामारी कर नकली उत्पाद बेचने के फर्जीवाड़े को पकड़ा. छापेमारी के दौरान विक्रेताओं से नकली टाटा वायरॉन कंटीले तार की सामग्री के 54 और 75 बंडल जब्त किए गए. इस संबंध में एक एफआईआर दर्ज कराया गया है. टाटा स्टील अपने ट्रेडमार्क, लोगो और अन्य बौद्धिक संपदाओं के दुरुपयोग की कड़ी निंदा करता है. ऐसी जालसाजी सरकार के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है. कंपनी की ब्रांड प्रतिष्ठा और इसके प्रति विश्वास की रक्षा करने के लिए टाटा स्टील की ब्रांड प्रोटेक्शन टीम फर्जीवाड़ा करने वाले उन प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरंतर निगरानी और कार्रवाई करती है, जो कंपनी के बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं. इन वर्षों के दौरान उच्चतम उत्पाद गुणवत्ता कायम रखने और नवाचार पर फोकस के प्रति संस्थान की कटिबद्धता के कारण टाटा स्टील के उत्पादों और समाधानों ने अद्वितीय विश्वास और साख हासिल किए हैं.







