
पलामू : प्रो नाथू गाड़ी, रांची एवं राजीव रंजन देव पाण्डेय पलामू, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्रमश: प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश मंत्री के पद के लिए सत्र 2019-20 के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसकी घोषणा शनिवार को प्रदेश कार्यालय से एक बैठक में की गई। अभाविप प्रदेश कार्यालय से निर्वाचन अधिकारी सह राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ पंकज कुमार के अनुसार उपरोक्त दोनों पद का कार्यकाल ए वर्ष रहेगा। दोनों पदधारी मेदिनीनगर पलामू में 17 से 20 जनवरी 2020 में होने वाले 20वें प्रदेश अधिवेशन में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। प्रो नाथू गाड़ी मूलतः रांची से हैं। वह राँची विश्वविद्यालय के अंतर्गत मांडर कॉलेज मांडर में मानव विज्ञान विषय के व्याख्याता हैं। उन्होंने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 2000 में परिषद के संपर्क में आये। वर्ष 2003 से परिषद में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। सत्र 2019-20 के लिए उन्हें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड का प्रदेश का पुन: अध्यक्ष बनाया गया है। राजीव रंजन देव पाण्डेय मूलत: मेदिनीनगर पलामू से हैं। उनकी शिक्षा भौतिक विज्ञान से स्नातकोत्तर तक हुई है। उनका परिषद से संपर्क 2013 से है. वह पूर्व में मेदिनीनगर नगर मंत्री, जिला संयोजक, विश्वविद्यालय संयोजक के पद पर रहते हुए परिषद के प्रति अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। वह वर्ष 2016 में नीलंबर पीतांबर विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में छात्र संघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। सत्र 2019-20 के लिए उनकी घोषणा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के प्रदेश मंत्री के रूप में की गयी है। यह प्रदेश विज्ञप्ति चुनावअधिकारी डॉ पंकज कुमार के निर्देश पर अभाविप प्रदेश कार्यालय मंत्री गोपाल कृष्ण दूबे ने जारी की है।














