
पलामू : भाजपा नेता एवं पलामू प्रमंडल के स्वच्छता अभियान प्रभारी डॉ अमित प्रकाश उपाध्याय शनिवार को पाकी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा आयोजित सीएए और एनआरसी की समर्थन रैली में शामिल हुए. इस दौरान नुक्कड़ सभा भी हुई, जिसे संबोधित करते हुए डॉ अमित प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि सबसे पहले मैं पाकी के जनता को धन्यवाद देता हूं कि आपने यहां से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को विधानसभा भेजा. उन्होंने कहा कि यहां के अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिम भाइयों को वामपंथियों और कांग्रेस के द्वारा दिग्भ्रमित करने का काम किया जा रहा है, जो सही नहीं है. जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा यह साफ-साफ कह दिया गया है कि भारत में रह रहे किसी भी मुस्लिम को या किसी भी नागरिक को इस एक्ट के तहत डरने की जरूरत नहीं है. आपको किसी भी तरह कि परेशानी भविष्य मे नहीं उठानी पड़ेगी. उन्होंने यह भी कहा कि वैसे लोगों को डरने की जरूरत है, जिसके पास भारतीय होने का कोई भी साक्ष्य उपलब्ध नहीं है. इस दौरान डॉ में प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का ही संस्कार है कि यहां से जीतने वाले विधायक डॉ शशि भूषण मेहता ने पाकी की जनता के प्रति वोट देने के लिए आभार व्यक्त किया है. नुक्कड़ सभा के अंत में डॉ अमित ने भारत माता की जय, वंदे मातरम का नारा लगाकर अपनी बातों का समाप्त किया. कार्यक्रम में भाजपा के पाकी मंडल अध्यक्ष बाल्मिकी सिंह, लोहारसी मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह, 20 सूत्री पाकी प्रखंड के अध्यक्ष शंकर गुप्ता, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री अजय गुप्ता एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अक्षय कुमार, कुंदन कुमार, निखिल कुमार, गप्पू कुमार, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह, समेत कई कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित थे.















