
जमशेदपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ शुक्ला मोहंती को ज्ञापन सौंपा गया. अभाविप के प्रादेशिक विवि कार्य सहप्रमुख वीरेंद्र पासवान ने कुलपति डॉ मोहंती को यह ज्ञापन ऑनलाइन भेजा है. ज्ञापन के माध्यम से कुलपति के समक्ष अपनी 5 सूत्री मांगें रखी गयी हैं. इसमें कहा गया है कि विवि अपने अधीन कार्यरत सभी घण्टी आधारित शिक्षकों को बकाया वेतन का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित करे. घंटी आधारित शिक्षक जो घर पर रहकर भी ऑनलाइन क्लास ले रहे हैं, उन्हें पूर्ण वेतन देने का प्रयास करे. कोल्हान विश्वविद्यालय के लगभग सभी कॉलेजों के अधिकांश गैर शिक्षकेतर कर्मचारी जैसे सफाई कर्मी, सुरक्षा कर्मचारी को कई महीनों वेतन नही मिला है, अतः विवि प्रशासन उन्हें जल्द से जल्द वेतन मुहैया कराने का प्रयास करे. आगामी शैक्षणिक वर्ष में नामांकन, पंजीयन आदि ऑनलाइन करने की कोशिश करनी चाहिए, ताकि कॉलेजों में नामांकन या पंजीयन करने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ न लगे. सीबीसीएस पाठ्क्रम से होने वाली आगामी सभी परीक्षाओं से पूर्व सभी परीक्षाओं के लिए मॉडल प्रश्न पत्र प्रकाशित किया जाये. अभाविप के प्रदेशिक विवि कार्य सह प्रमुख बीरेंद्र कुमार ने कहा है कि कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ शुक्ला मोहंती को ऑनलाइन ज्ञापन सौपा गया है. अगर विश्वविद्यालय प्रशासन हमारी मांगों को अविलंब पूरा नहीं करता है, तो हम छात्र और शिक्षक हित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे.















