
बहरागोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है . लॉक डाउन का पूर्ण रूप से पालन कराने को लेकर प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भरपूर प्रयास किया है. कोरोना बिमारी से लोगों को बचाने में जुटे पुलिस पदाधिकारी और जवानों को बहरागोड़ा थाना परिसर में जाकर विधायक समीर महंती ने सम्मानित किया. वहीं लोगों की स्वास्थ्य जांच करने में जुटे सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को भी सम्मानित किया. विधायक श्री महंती ने कहा कि पुलिस जवान और स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल में कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान अपनी जान को जोखिम में डालकर लोगों को सेवा दे रहे हैं. सभी भौतिक सुविधा को त्यागकर अपने-अपने कार्य क्षेत्र के माध्यम से लोगों की सेवा कर रहे हैं, ताकि हम सब स्वस्थ्य रह सकें. उन्होंने कहा कि समाज के प्रति सभी ने अपने-अपने स्तर पर बेहतर सेवा देने का प्रयास किया है. उन्होंने सभी के हौसले को बढ़ाने और सम्मान में उन्हें अपने स्तर से डायरी, कलम, पट्टा, सैनिटाइजर देकर सम्मानित किया. इस दौरान असित मिश्रा, आदित्य प्रधान, मुन्ना होता, विशाल बारिक, मिथुन कर, राकेश महंती समेत अन्य लोग उपस्थित थे.















