आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले में बुधवार देर रात आरआईटी के कुलुपटांगा से सटे राधा स्वामी सत्संग गेट के समीप लिव इन रिलेशन में रह रहे महिला पुरुष पर महिला के पति राजेन्द्र मार्डी ने सोए अवस्था में टांगी से जानलेवा हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस हमले में भोला बिरुआ उर्फ रितेश बिरुआ (35) की मौत हो गई है, जबकि महिला सीता मार्डी गंभीर रूप से घायल है उसका ईलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार दोनों महिला- पुरुष रिलेशनशिप में विगत एक वर्षों से रह रहे थे. महिला सीता मार्डी विवाहित है और अपने पति राजेन्द्र मार्डी से विगत एक साल से अलग रह रही थी. उनके चार बच्चे हैं. भोला उर्फ रितेश बिरुआ सिक्युरिटी गार्ड का काम करता था. और दोनों साथ में ही रहते थे. यह राजेन्द्र मार्डी को नागवार गुजर रहा था. जब भी वह इसका प्रतिकार करने आता था भोला मारपीटकर उसे भगा देता था. (नीचे भी पढ़ें)
बीती रात राजेन्द्र ने दोनों का खेल खत्म करने की नीयत से कुलुपटंगा पहुंचकर सोए अवस्था में टांगी से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया. इधर सूचना पर पहुंची आरआईटी थाना गश्ती दल ने दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने भोला बिरुआ को मृत घोषित कर दिया. वहीं सीता मार्डी की स्थिति नाजुक बनी हुई है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है. अपराधी की पहचान कर ली गयी है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



