जमशेदपुर: टाटा स्टील अर्बन डेवलपमेंट कमिटी के चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी ने कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर चार स्थित भारतीय तरुण संघ का दौरा कर वहां चलाई जा रही शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों के विषय में जानकारी प्राप्त की. उन्होंने भारतीय तरुण संघ के द्वारा स्लम एरिया के जरूरतमंद बच्चों के लिए चलाए जा रहे आदर्श बाल मध्य एवं उच्चविद्यालय का भी अवलोकन कर जानकारी ली और टाटा स्टील फाउंडेशन के द्वारा जरूरतमंदों को दी जा रही निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था के उत्कृष्ट प्रदर्शन को भी सराहा. (नीचे भी पढ़ें)
विदित हो कि भारतीय तरुण संघ शास्त्रीनगार और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के बीच काफी लोकप्रिय सामाजिक संस्था है, जो जन और समाज कल्याण एवं शिक्षा के क्षेत्र में सतत प्रयत्नशील है. वहां आसपास में टाटा स्टील से अवकाशप्राप्त होने वाले कर्मचारियों की भी अच्छी खासी संख्या है जो संघ के सामाजिक कार्यों में अक्सर सहयोग करते हैं. इस मौके पर भारतीय तरुण संघ के महासचिव कामेश्वर प्रसाद सिंह और विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन सतीश जायसवाल ने अजय चौधरी को फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया.



