
आदित्यपुर : आदित्यपुर विकास समिति द्वारा आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में वार्ड संख्या- 29 में यथासंभव घर-घर जाकर 600 कंबल का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड-29 अंतर्गत श्रीश्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, महावीर नगर, रोड नंबर-10 से की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नारी शक्ति वीरांगना, कोल्हान प्रमंडल की अध्यक्षा एवं पूर्व पार्षद स्वर्गीय राजमणि देवी की बहू अर्चना कुमारी उपस्थित थीं. मंदिर के पुजारी को मुख्य अतिथि द्वारा कंबल प्रदान कर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी। मुख्य अतिथि अर्चना कुमारी ने अपने संबोधन में समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को गर्म कपड़े / कंबल प्रदान करना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि वे कई सामाजिक संगठनों से जुड़कर समाज सेवा का कार्य कर रही हैं। वार्ड की जनता के हितों की रक्षा के लिए भी वह सदैव अपनी माता स्वर्गीय राजमणि देवी के पद चिन्हों पर चलकर वार्ड की जनता के अधूरे कार्यों को पूरा करने को कृत संकल्पित हैं। (नीचे भी पढ़ें)
पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि अब तक वार्ड 28, 29 और 34 में दो हजार से ज्यादा कंबल जरूरतमंदों में बांटे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि समिति 5000 कंबल जरूरतमंदों के बीच बांटेगी। इस वर्ष कड़ाके की ठंड में नगर निगम द्वारा पार्षदों के माध्यम से बांटा गया कंबल “ऊंट के मुंह में जीरा” के समान है। उन्होंने कहा कि समिति जन सहयोग से जरूरतमंदों तक यथासंभव कंबल पहुंचाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में समिति द्वारा अलाव के लिए लकड़ी भी उपलब्ध करायी जाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजद नेता देव प्रकाश, बाबूलाल प्रसाद, श्रीमती रंजू देवी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मनोज चौरसिया, सुरेंद्र प्रसाद, सिंह कृष्णा साहू, संजीव कुमार रामचंद्र मंडल, मिथिलेश झा, राकेश कुमार, सूरज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।













