
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है. ग्रामीणों की भीड़ ने उक्त युवक को पीटकर अधमरा कर दिया और फिर उसको जिंदा जला दिया. इस घटना के बाद हजारों की भीड़ सड़कों पर है और पुलिस को शव उठाने नहीं दे रही है. बताया जाता है कि ग्रामीणों ने यह आरोप लगाया कि मृतक संजू प्रधान जंगल से पेड़ काटकर बेच देता था. उसको कई बार रोकने की कोशिश की गयी, लेकिन वह नहीं रुका, जिसके बाद गुस्सा में आकर ग्रामीणों ने मंगलवार को उसको मार डाला. पहले तो पीटकर अधमरा कर दिया और फिर जिंदा जला दिया. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है. कोलेबिरा इलाके में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. थाना प्रभारी ने बताया है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और लड़के पर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस बल किसी तरह शव को उठाने की कोशिश कर रही है. यह मॉब लिंचिंग का मामला है. आपको बता दें कि हाल ही में झारखंड सरकार ने मॉब लिंचिंग का कानून बनाया है. यह हो सकता है कि मॉब लिंचिंग के कानून आने के बाद यह पहला मामला है. (नीचे देखे दूसरी हत्या की खबर)

सिमडेगा में युवक को हत्या कर गड्ढे में दफना दिया गया
सिमडेगा जिले में ही मंगलवार को कोलेबिरा प्रखंड के बरसलोया पंचायत अंतर्गत कुलासोया क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गयी. उसकी हत्या करने के बाद शव को छुपाने के लिए गड्ढे में डाल दिया गया था. युवक की पहचान को छुपाने के लिए उसके कपड़े तक हटाकर जला दिये गये थे. किसी तरह पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक 20 साल का युवक प्रवीण सुरीन है. इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले लेवनाड कंडुलना को गिरफ्तार कर लिया है जबकि इस कांड को अंजाम देने के आरोपी तेलेस्फोर कंडुलना फरार बताया जा रहा है. बताया जाता है कि उक्त युवक 1 जनवरी से घर से लापता था. कोलेबिरा थाना में एफआइआर भी दर्ज था. पुलिस मामले की जांच कर रही थी. जांच में ही पता चला कि युवक की हत्या कर शव को दफना दिया गया है. इसके बाद कपड़े को जला भी दिया गया है और युवक को नंगा कर दफनाया गया है. पुलिस ने मंगलवार को दबिश दी और मजिस्ट्रेट हरीश कुमार की देखरेख में शव को गड्ढे से बरामाद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में गिरफ्तार लेवनाड सुरीन ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार किया है और कहा है कि कुछ दिनों पहले उसने अपनी पत्नी को उक्त युवक के साथ देख लिया था. उसको यह शक हुआ कि पत्नी और उक्त युवक का अवैध संबंध है, जिसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी.













