आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के रविवार को आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी के आसंगी चेक डैम में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों सोनू लोहार और शुभम शर्मा की तलाश में सोमवार को एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. दोनों युवक रविवार शाम तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में डूब गए थे. घटना के बाद से ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा युवकों की तलाश की जा रही थी. (नीचे भी पढ़ें)

सोमवार को एनडीआरएफ की विशेष टीम ने चेक डैम और आसपास के नदी क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया. टीम द्वारा पानी के अंदर और किनारों के आसपास युवकों की खोज की जा रही है. डूबने वाले दो युवकों की पहचान धोबोडुंगरी (बंतानगर) निवासी सोनू लोहार और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है. घटना से दोनों युवकों के परिवारों में चिंता का माहौल है. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से नदी एवं चेक डैम के गहरे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.




