जमशेदपुर : आगामी 9 एवं 10 सितंबर 2026 को एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को एनआईटी जमशेदपुर में अंतिम समीक्षा बैठक संपन्न हुई. बैठक में सम्मेलन की कार्यक्रम रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा पिछली बैठक में गठित समितियों के कार्यों की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता झारखंड के शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास रांची के प्रांत अध्यक्ष सह झारखंड राय विश्वविद्यालय की कुलपति डॉक्टर पीयूष रंजन ने की. कार्यक्रम का संचालन एवं विभिन्न समितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के क्षेत्रीय संयोजक डॉ विजय कुमार सिंह द्वारा की गई. बैठक में सम्मेलन की कार्यक्रम रूपरेखा, सभी विभागों की विस्तृत कार्ययोजना, समितियों की जिम्मेदारियों तथा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों के स्वागत, आवास, भोजन, परिवहन एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. (नीचे भी पढ़े)

ज्ञात हो कि इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में 13 राज्यों से लगभग 150 प्रतिभागी शामिल होने के लिए जमशेदपुर आ रहे हैं. देश के विभिन्न राज्यों से महिला शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों तथा महिला नेतृत्व से जुड़ी प्रमुख हस्तियों की सहभागिता झारखंड एवं जमशेदपुर के लिए गौरव का विषय है. सम्मेलन की तैयारियों एवं आयोजन की जिम्मेदारियों में केयू की पूर्व कुलपति डॉ शुक्ला महंती एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास पर्यावरण की क्षेत्रीय संयोजक डॉ कविता परमार तथा एनआईटी जमशेदपुर के कुलसचिव सह सह-संस्था संयोजक डॉ सरोज कुमार षाड़ंगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
बैठक का मुख्य उद्देश्य सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देना तथा कार्यक्रम को बेहतर, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी समितियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना था. इस अवसर पर सभी समितियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया.







