आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) जमशेदपुर के एक छात्र के डूबने की घटना सामने आई. डूबने वाले छात्र की पहचान मेटालर्जी विभाग के छात्र मीर हसन के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि मीर हसन अपने कुछ साथियों के साथ चेक डैम पर नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया. साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. घटना की सूचना मिलते ही आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, जो स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के साथ मिलकर छात्र की खोज में जुटी है. इधर, घटना के बाद एनआइटी जमशेदपुर के छात्रों में भारी आक्रोश है. बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया. उनकी मांग है कि छात्र की जल्द से जल्द तलाश की जाए तथा घटना की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए. खबर लिखे जाने तक सर्च ऑपरेशन और छात्रों का विरोध प्रदर्शन दोनों जारी थे.




