आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 15 स्थित सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर और बगल में संचालित एनजीओ कर्मियों के बीच मंगलवार को जमकर मारपीट हो गयी. घटना के बाद दोनों पक्ष आदित्यपुर थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया. एनजीओ संचालक रणविजय सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने बताया कि उनका एनजीओ बीमार पशुओं की सेवा और इलाज का कार्य करता है. बीमार कुत्तों को देखकर इलाके के बाहरी कुत्ते शौच के लिए उनके ऑफिस के आसपास आने लगते हैं. इसी बात को लेकर शौचालय के केयरटेकर आए दिन विवाद करते हैं. मंगलवार को केयरटेकर अपने रिश्तेदारों के साथ आए और उनके ऑफिस पर हमला कर दिया. इस दौरान स्टाफ को गंभीर चोटें आईं, गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गयी, साथ ही पैसे और सोने की चेन भी छीन ली गयी. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं शौचालय के केयरटेकर गौरे शर्मा का कहना है कि एनजीओ में इलाजरत कुत्ते शौचालय परिसर में आकर शौच कर देते हैं, जिससे लोग वहां आने में घृणा महसूस करते हैं. जब शिकायत लेकर एनजीओ कार्यालय गए तो उल्टा उनके स्टाफ ने मारपीट कर दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर को परिवार सहित वहां रहने की अनुमति किसने दी. नगर निगम प्रशासन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए.



