सरायकेला : सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में होटल संचालक विशाल गोराई पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता एवं बजरंग दल से जुड़े सिंटू गोराई, स्क्रैप कारोबारी विक्की पांडेय सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. यह मामला घायल विशाल गोराई के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है. विशाल ने पुलिस को बताया कि स्क्रैप के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और कमीशन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला कराया गया. जानकारी के अनुसार विशाल, विक्की पांडेय और सिंटू गोराई पहले करीबी दोस्त थे, लेकिन कारोबार को लेकर उनके संबंध बिगड़ गए थे. पुलिस के अनुसार विशाल हाल ही में स्क्रैप चोरी के एक मामले में जेल से रिहा हुआ था, जबकि विक्की पांडेय भी कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया है. वहीं सिंटू गोराई पर अवैध बालू और निर्माण सामग्री के कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है. विशाल ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से कुछ दिन पहले उसे खुलेआम धमकियां दी गई थीं. हालांकि पुलिस केवल एफआईआर में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच नहीं कर रही है. जांच टीम इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि विशाल को लगी गोली कहीं उसकी अपनी पिस्टल से तो नहीं चली. पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल नामजद सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.




