आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत अदित्यपुर रेलवे स्टेशन के पास 5- 6 की संख्या में अपराधियों ने इच्छपुर निवासी अपराधकर्मी बापी कोयल पर चाकू से हमला कर दिया. अपराधियों ने बापी पर पत्थर से भी हमला किया है. बापी के साथी प्रसन हेंब्रम पर भी अपराधियों ने हमला करने का प्रयास किया पर वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला. अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद बापी को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए. इधर प्रसन ने बापी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. जहां उसकी स्थिती गंभीर बनी हुई है. बापी के शरीर पर चाकू से पांच जगह वार किए गए हैं. इसके अलावा उसके सिर पर भी गंभीर चोटें आई है. घटना की जानकारी देते हुए प्रसन ने बताया कि वो और बापी स्टेशन के पास लीची लाने गए थे. इसी बीच वहां कुछ युवक पहले से ही खड़े थे. युवकों की गतिविधि ठीक नहीं लग रही थी, जिस कारण वे लोग लीची खरीदे बिना वहां से जाने लगे. इतने में ही सभी युवक पहुंचे और बापी पर हमला कर उसे घायल कर दिया. फिलहाल बापी की स्थिति गंभीर बनी हुई है.














