आदित्यपुर: उद्यमी सह एसिया उपाध्यक्ष सुधीर सिंह के शुक्रवार देर रात रहस्यमयी तरीके से गायब होने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. शुरू में पुलिस जहां इसे हल्के में ले रही थी, मगर सीसीटीवी फुटेज में सुधीर सिंह के रहस्यमयी तरीके से जमशेदपुर की ओर जाते दिखने और शनिवार को दिनभर सुधीर सिंह का सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस की जांच अब तेज हो गई है. थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया, कि सुधीर सिंह शुक्रवार देर रात करीब 11:00 बजे के आसपास पान दुकान चौक के समीप से ऑटो में बैठकर जमशेदपुर की तरफ गए हैं. जो सीसीटीवी कैमरे में देखे गए हैं. पहले तो इसे हल्के में लिया जा रहा था, लेकिन दिनभर जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तब जांच तेज कर दी गई है. दो टीम गठित किया गया है. एक टीम जमशेदपुर बस टर्मिनल और दूसरी टीम रेलवे स्टेशन भेजी गई है. वहां भी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. हालांकि अब भी उन्होंने किसी अनहोनी से इनकार किया है. उन्होंने दावा किया है कि पारिवारिक विवाद के बाद श्री सिंह गुस्से में कहीं चले गए हैं. गुस्सा शांत होने के बाद वापस लौट आएंगे. उनका मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण लोकेशन ट्रैक करने में परेशानी हो रही है.







